CM Yogi Cabinet Meeting : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को कई अहम फैसले लिए हैं, जिनमें प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों का ड्यूटी भत्ता बढ़ाने से लेकर अयोध्या में नए प्रोजेक्ट्स की मंजूरी भी शामिल है। इन फैसलों से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास की गति तेज होगी और लोगों को कई लाभ मिलेंगे।
प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के ड्यूटी भत्ते को बढ़ाने का फैसला किया है। 1 अप्रैल 2025 से PRD जवानों को 395 प्रति दिन की दर से बढ़ाकर 500 प्रति दिन मिलेगा। इस फैसले से कुल 34,092 PRD जवानों को लाभ मिलेगा, और उनकी ड्यूटी भत्ते में ₹105 की वृद्धि होगी।
अयोध्या में बचपन डे केयर सेंटर की स्थापना
योगी कैबिनेट ने अयोध्या में दिव्यांग बच्चों के लिए एक नए बचपन डे केयर सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी है। इस सेंटर में 3 से 7 वर्ष तक के श्रवण बाधित, दृष्टि बाधित, और मानसिक रूप से असक्त छात्रों के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। सरकार ने तहसील सदर की नजूल भूमि को निशुल्क दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है, जिससे इस सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सकेगी।
अयोध्या में 300 शैया चिकित्सालय निर्माण
अयोध्या में प्रस्तावित 300 शैया के चिकित्सालय निर्माण के लिए भी मंजूरी दी गई है। इसके लिए पुराने सीतापुर नेत्र चिकित्सालय की 12,798 वर्गमीटर भूमि को चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे अयोध्या में स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि होगी और यहां के निवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले
आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर मेडिकल कॉलेज निर्माण: आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ लिमिटेड सासनी जनपद हाथरस के परिसर में स्थित 6.675 हेक्टेयर भूमि को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, जिससे यहां भी एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।
सहकारी समितियों एवं पंचायत लेखा परीक्षा सेवा नियमावली का पुनर्गठन: वित्त विभाग ने सहकारी समितियों और पंचायत लेखा परीक्षा सेवा नियमावली के पुनर्गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। साथ ही उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सहकारी व पंचायत लेखा परीक्षा सेवा नियमावली 2025 (संशोधन) को भी मंजूरी दी गई है।
यमुना एक्सप्रेस वे पर इंटरचेंज निर्माण: यमुना एक्सप्रेस वे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे के क्रॉसिंग (ग्राम जगनपुर-अफजलपुर) के पास NHAI द्वारा इंटरचेंज के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिससे इस क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।
हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना: जनपद हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, जिससे यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को एक नया आयाम मिलेगा।


