Delhi Earthquake : सोमवार (17 फरवरी) की सुबह दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि जो लोग सो रहे थे, उनकी नींद टूट गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। दिल्ली-एनसीआर के अलावा बिहार और ओडिशा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप की तीव्रता और केन्द्र
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, बिहार में सुबह 8:02 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई। भूकंप का केन्द्र सीवान जिले में था और यह 10 किलोमीटर की गहराई में आया। हालांकि, सीवान और आसपास के क्षेत्रों से भूकंप के कारण कोई बड़े नुकसान की खबर नहीं आई है।
ओडिशा में भी भूकंप के झटके
बिहार के बाद, सुबह करीब 8:15 बजे ओडिशा के पुरी जिले में भी भूकंप के झटके महसूस हुए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 मापी गई। हालांकि, ओडिशा के अन्य शहरों में भूकंप के झटकों का असर हुआ या नहीं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। इस भूकंप में भी किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
दिल्ली, यूपी और हरियाणा में भूकंप
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 थी। इसका केन्द्र दिल्ली के धौला कुआं के पास स्थित झील पार्क के नजदीक था, जो जमीन के 5 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप की गहराई कम होने के कारण इसके झटके दिल्ली और आसपास के शहरों में ज्यादा महसूस किए गए। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर, अलवर, मथुरा और आगरा में भी भूकंप के झटके महसूस हुए। वहीं, हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार, और कैथल में भी लोग भूकंप के झटकों से सकते में आ गए। हालांकि, इन इलाकों में भी किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है।
पीएम मोदी की अपील
दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “दिल्ली और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सभी से अपील है कि वे शांत रहें और सुरक्षा सावधानियों का पालन करें। अधिकारियों द्वारा स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।”
इस भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।


