Fact Check : सोशल मीडिया पर हाल ही में एक दावा वायरल हो रहा है कि कोटा एक लड़की ने आत्महत्या कर ली है। आपको बता दें कि उस लड़की का नाम कृति बताया जा रहा है। इस पोस्ट के साथ कुछ यूजर्स एक लड़की की तस्वीर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि कृति ने आत्महत्या की है। हालांकि सजग की पड़ताल में यह दावा फर्जी निकला है।
क्या है यूजर्स का दावा?
सोशल मीडिया पर @obcricha नाम के एक्स यूजर ने एक लड़की की तस्वीर के साथ यह दावा किया कि कोटा में कृति नाम की छात्रा ने आत्महत्या कर लिया। इसके साथ ही इस यूजर ने यह भी बताया कि कृति ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसके अलावा DINESH MAURYA नाम के यूट्यूब चैनल पर भी एक वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें यह कहा गया कि कोटा में कृति नाम की छात्रा ने आत्महत्या कर ली।
क्या है वायरल दावे का सच?
सजग की टीम ने इस वायरल दावे की पड़ताल की और पाया कि यह जानकारी पूरी तरह से गलत है। जब टीम ने इस तस्वीर को रिवर्स इमेज के जरिए चेक किया तो 14 दिसंबर 2024 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई। इस पोस्ट में दिख रही लड़की का नाम ज्योति ठाकुर है और वह एक वीडियो क्रिएटर हैं।
सजग की टीम ने ज्योति ठाकुर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर जाकर और भी जानकारी जुटाई। वहां पर एक पोस्ट मिली जिसमें ज्योति ने लिखा था कि “कितने नीच लोग हैं जो लोगों की मानसिक शांति खराब करने में लगे हैं, और अब तक भी पोस्ट डिलीट नहीं की।” इसके बाद ज्योति ठाकुर ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह से ठीक हैं और यह खबर पूरी तरह से फर्जी है।
ज्योति ठाकुर ने वीडियो में बताया कि कुछ लोग उनकी फर्जी मौत की खबर फैला रहे हैं, लेकिन वह जिंदा हैं और स्वस्थ हैं।


