Fast Food Side Effects: फास्ट फूड ज्यादा खाने से सेहत को कितना बड़ा नुकसान हो सकता है, इसका बेहद दुखद उदाहरण यूपी के अमरोहा की रहने वाली अहाना की कहानी है। आज अहाना इस दुनिया में नहीं है। उसे चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड खाने का बहुत शौक था। घरवाले बार-बार समझाते रहे, लेकिन वह नहीं मानी। यही आदत आखिरकार उसकी जान पर भारी पड़ गई।
अहाना अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की सबसे छोटी बेटी थी। परिवार में पिता, मां सारा खान, एक बेटा और दो बेटियां हैं। अहाना पढ़ाई में काफी होशियार थी और शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
परिजनों के मुताबिक, अहाना को बाहर का खाना बहुत पसंद था। घर में मना करने के बावजूद वह अक्सर फास्ट फूड खा लेती थी। शुरू में किसी ने नहीं सोचा था कि यह आदत इतनी खतरनाक साबित हो सकती है। लेकिन सितंबर महीने में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे पेट में तेज दर्द रहने लगा।
आंतों में हो गया था गंभीर नुकसान
दर्द बढ़ने पर 30 नवंबर को परिवार वाले उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आंतों में कई जगह गंभीर नुकसान हो चुका है। डॉक्टरों ने इसकी वजह लंबे समय तक फास्ट फूड का सेवन बताया।
हालत गंभीर होने की वजह से अहाना का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद कुछ दिन हालत ठीक रही और करीब दस दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई। लेकिन घर आने के बाद भी उसकी सेहत में खास सुधार नहीं हुआ। वह लगातार कमजोर होती जा रही थी और रोजमर्रा के काम भी ठीक से नहीं कर पा रही थी।
दिल्ली एम्स में तोड़ा दम
चार दिन पहले उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार उसे दिल्ली के एम्स लेकर गया। वहां इलाज के दौरान उसकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ और वह चलने-फिरने भी लगी थी, जिससे घरवालों को उम्मीद जगी। लेकिन रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई और हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई।
अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ कहा था कि फास्ट फूड ही उसकी आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बना। इस होनहार छात्रा की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। माता-पिता गहरे सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह घटना एक बड़ी सीख है कि फास्ट फूड की आदत बच्चों और युवाओं के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है।
ये भी पढ़ें: Devoleena Bhattacharjee on Dhruv Rathi: देवोलीना ने यूट्यूबर ध्रुव राठी पर साधा निशाना
ये भी देखें: Hardik Pandya की जिंदगी में नई एंट्री! कौन हैं Mahika Sharma?


