Female Bus Conductor Recruitment : राज्य परिवहन निगम की बसों में महिला कंडक्टरों की भर्ती के लिए चल रही प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को 53 महिला आवेदकों ने आरएम कार्यालय पहुंचकर अपने आवेदन पत्र जमा किए। भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है, लेकिन बेरोजगारी की मार झेल रहीं कई उच्चशिक्षित महिलाओं ने भी कंडक्टर बनने के लिए आवेदन किया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि उन्हें यह नौकरी मिल जाती है तो परिवार की आर्थिक परेशानियां कुछ हद तक कम हो जाएंगी। लाइनपार एकता कॉलोनी निवासी निशु सैनी ने भी भर्ती कैंप में आवेदन किया। निशु ने बताया कि उनके पति बृजेश साइबर कैफे चलाते हैं, लेकिन एंड्रॉयड फोन के बढ़ते उपयोग के कारण कैफे की आमदनी में भारी गिरावट आई है। महंगाई के इस दौर में परिवार का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। निशु का मानना है कि यदि उन्हें परिचालक की नौकरी मिल जाती है तो जीवनयापन में राहत मिलेगी।
परिवार का खर्च चलाने के लिए पाना चाहती हैं नौकरी
बिजनौर जिले की धामपुर तहसील के मिरजालीपुर गांव से आई जयहिंद्री भी अपने आवेदन के साथ कैंप में पहुंचीं। जयहिंद्री बीए और बीएड के साथ स्टेनोग्राफर का कोर्स कर चुकी हैं। कौशल विकास केंद्र से भी उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। जयहिंद्री ने बताया कि पहले हाईकोर्ट में स्टेनोग्राफर पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन चयन नहीं हो सका। सरकारी स्कूलों में भर्ती बंद है और प्राइवेट स्कूलों में इतनी कम तनख्वाह ऑफर की जा रही है कि आने-जाने का किराया भी मुश्किल से निकलता है। परिवार का खर्च चलाने के लिए वह महिला कंडक्टर की नौकरी पाना चाहती हैं। भविष्य में यदि टीचर या स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्तियां निकलती हैं तो वहां भी आवेदन करेंगी।
इसके अलावा बिलारी क्षेत्र से आईं एक बीए, बीएड डिग्री धारक युवती और एक अन्य बीए पास व इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई कर चुकी युवती ने भी कंडक्टर बनने के लिए आवेदन किया है। दोनों ने बताया कि वर्तमान में सरकारी नौकरी मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। खाली बैठने के बजाय वे रोजगार के इस अवसर को अपनाना चाहती हैं।
महिला कंडक्टरों के लिए यह पहल न केवल उनके आत्मनिर्भर बनने का अवसर है, बल्कि परिवहन निगम में महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा दे रही है। भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का उत्साह यह दिखाता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में रोजगार के अवसर को अपनाने के लिए तैयार हैं।


