Ghazipur News : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बिजली विभाग इन दिनों अपने बकाए की वसूली के लिए सक्रिय है, लेकिन इस बीच विभागीय अधिकारियों पर उपभोक्ताओं से पैसे हड़पने का गंभीर आरोप सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरताली गांव में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर और उनके भतीजे पर उपभोक्ताओं ने पैसे ऐंठने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
वसूली के नाम पर पैसे हड़पने का आरोप
पीड़ितों के अनुसार बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर योगेंद्र दानी और उनके भतीजे पिंटू ने उपभोक्ताओं से बिल जमा करने और चालान कटवाने के नाम पर पैसे लिए थे, लेकिन वे उन पैसे को विभाग में जमा नहीं कराए। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों को बिल भरने के पैसे दिए थे, लेकिन जूनियर इंजीनियर और उसके भतीजे ने उन पैसों को खुद रख लिया और विभाग में जमा नहीं किया।
पीड़ित का बयान
सकरताली गांव के रहने वाले राजकुमार ने आरोप लगाया है कि वह योगेंद्र दानी की गाड़ी चलाता था और कई बार मीटर चेक करने के लिए उनके साथ जाता था। राजकुमार ने बताया कि योगेंद्र दानी अपने भतीजे पिंटू को भी साथ में लेकर वसूली का काम करता था। (Ghazipur News) जो भी पैसा इलाके के उपभोक्ताओं से मिलता था, वह या तो योगेंद्र खुद रख लेता था, या फिर उसका भतीजा पिंटू उसे रख लेता था।
वसूली का शिकार हुए उपभोक्ताओं ने की FIR दर्ज
राजकुमार का कहना है कि जूनियर इंजीनियर और उसके भतीजे ने अलग-अलग उपभोक्ताओं से बिल जमा करने के नाम पर पैसे लिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि योगेंद्र दानी और उसके भतीजे ने राजकुमार से आठ हजार, प्रवीण रावत से नब्बे हजार, प्रभु से तीस हजार और निरंजन राम से सात हजार पांच सौ रुपये लिए थे। हालांकि इन पैसों को विभाग में जमा नहीं किया गया। एक साल से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क किया, तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर राजकुमार और अन्य पीड़ितों ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मुकदमा दर्ज, विभागीय कार्रवाई की मांग
कोतवाली पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर जूनियर इंजीनियर योगेंद्र दानी और उसके भतीजे पिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ितों का आरोप है कि यह पूरी घटना विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार का उदाहरण है, जिसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ये भी देखें : Delhi में बनी BJPकी सरकार, AAP की हार के बाद CM Atishi का बड़ा बयान


