Gonda News : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के बेलसर क्षेत्र में सोमवार को एक ही मजरे के लगभग 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, क्योंकि सभी ने एक जन्मदिन पार्टी में छोला-चावल और अन्य भोजन खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
जन्मदिन की पार्टी में हुई फूड पॉइजनिंग
यह घटना बेलसर क्षेत्र के तिवारी पुरवा ग्रामसभा की है। स्थानीय निवासी अनंतराम के घर पर रविवार रात को जन्मदिन का जश्न मनाया गया था, जिसमें छोला-चावल, दाल-चावल, पूड़ी-सब्जी जैसी कई चीजें बनाई गई थीं। पार्टी में शामिल सभी लोगों ने खाना खाया, लेकिन तड़के सुबह करीब तीन बजे से लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई।
झोलाछाप डॉक्टर से दवा लेने पर भी नहीं हुआ आराम
हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने झोलाछाप डॉक्टर से दवा ली, लेकिन किसी को आराम नहीं मिला। (Gonda News) उल्टी और दस्त की समस्या गंभीर होती गई, जिसके चलते सोमवार सुबह ग्रामीणों ने सीएचसी बेलसर को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएचसी अधीक्षक अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपचार जारी
सीएचसी में डॉक्टर सौरभ तिवारी और उनकी टीम इलाज में जुटी हुई है। टीम ने बताया कि सभी प्रभावित लोगों को फूड पॉइजनिंग की आशंका के आधार पर इलाज दिया जा रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर है। हालांकि, कई लोग अभी भी कमजोरी महसूस कर रहे हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे बाहरी खाने का विशेष ध्यान रखें और साफ-सफाई का ध्यान रखें। इस तरह की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


