Gonda News : गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक की हत्या की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। परेड सरकार ग्राम पंचायत के भट्ठा परेड गांव के बाहर एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद से ही गांव में भय का माहौल है। इसके कुछ ही समय बाद, कटरा बाजार के छिटनापुर क्रॉसिंग के पास एक अन्य युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृत युवक की पहचान विजय पांडे उर्फ बब्बन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुबह लगभग तीन बजे किसी ने विजय को फोन कर घर से बाहर बुलाया। विजय बाइक पर निकला, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। सुबह के लगभग आठ बजे उसकी खून से सनी हुई लाश मेडिकल कॉलेज के पीछे मिली। विजय के शरीर पर चाकू से कई घाव के निशान मिले हैं। वहीं, विजय के मुंह बोले चाचा दीपक पांडे का शव छिटनापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पाया गया। परिजनों का दावा है कि यह हत्या का मामला है और उन्होंने इस बारे में पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दीपक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, लेकिन जांच अभी जारी है।
पुलिस की जांच
इस दोहरी मौत के मामले में (Gonda) पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। विजय पांडे के शरीर पर चाकू के कई निशान मिलने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसओजी, सर्विलांस, और नगर कोतवाली पुलिस सहित कुल पांच टीमें गठित की हैं। इन टीमों को घटना की तह तक जाने और जल्द से जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया गया है।
विवाद से दूर रहने को कहा
ग्रामीणों के अनुसार मृत युवक विजय पांडे सत्ताधारी दल के नेता की गाड़ी चलाता था, (Gonda) जबकि दीपक पांडे पिकप वाहन चलाता था। एक ही दिन दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विजय और दीपक दोनों का स्वभाव काफी अच्छा था और वे किसी से भी विवाद में नहीं पड़ते थे। इस घटना ने न सिर्फ परिवारों को, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस फिलहाल घटना की कड़ियों को जोड़ने और असल कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। दोनों युवकों की आकस्मिक मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।


