Kanpur News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जिम ट्रेनर ने कारोबारी की पत्नी एकता गुप्ता की हत्या कर दी। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को डीएम आवास परिसर से एकता का कंकाल मिला। मामले की तहकीकात में नए खुलासे हुए हैं, जिससे पता चला है कि आरोपी और एकता के बीच के संबंधों में तनाव था।
आरोपी की शादी की बात से गुस्साई थी एकता
पुलिस पूछताछ में आरोपी जिम ट्रेनर विमल सोनी ने बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी थी और हाल ही में उसका तिलक भी हो गया था। एकता को जैसे ही इसका पता चला, वह बेहद नाराज हो गई और उससे झगड़ा करने लगी। विमल ने बताया कि उसने एकता को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह शांत नहीं हुई तो उसने गुस्से में एकता को मुक्का मारा। इससे एकता बेहोश हो गई और फिर उसकी मौत हो गई।
किडनैपिंग का लगा था आरोप
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी राहुल गुप्ता ने 24 जून को अपनी पत्नी एकता गुप्ता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राहुल ने पुलिस को बताया कि एकता रोज की तरह ग्रीन पार्क के पास जिम गई थी, लेकिन उस दिन के बाद वह वापस नहीं लौटी। राहुल ने शक जताया कि जिम ट्रेनर विमल सोनी ने उसकी पत्नी का अपहरण किया है और फिर पैसे और जेवरात लेकर फरार हो गया।
पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी
विमल सोनी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, लेकिन वह लगातार (Kanpur) पुलिस को गुमराह करता रहा। उसने एकता के शव को लेकर अलग-अलग कहानियां गढ़ीं। पहले उसने कहा कि उसने शव को गंगा में फेंक दिया, फिर कहा कि उसने उसे जंगल में फेंका। आखिरकार, सख्त पूछताछ के बाद विमल ने खुलासा किया कि उसने एकता के शव को डीएम आवास परिसर में गाड़ दिया था।
डीसीपी का बयान
इस मामले में डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार ने कहा कि पूछताछ के दौरान विमल ने स्वीकार किया कि उसने एकता को अपनी शादी की बात बताई थी, जिससे वह नाराज हो गई थी। गुस्से में उसने एकता को मुक्का मारा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को डीएम कंपाउंड में गाड़ दिया।
पुलिस की जांच जारी
इस घटना ने कानपुर (Kanpur) में सनसनी फैला दी है। पुलिस इस मामले की पूरी तरह से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को उसके किए की सजा मिले।
ये भी पढ़ें : 26 October Ka Rashifal : जानें किस राशि को मिलेंगी खुशियों की सौगात, पढ़ें अपनी राशिफल
ये भी देखें : Prashant Kishore ने बोला Nitish Kumar की सरकार पर हमला कहा, ‘जंगल राज रिटर्न्स’


