Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाने में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत के बाद हंगामा मच गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर थाने में पिटाई का आरोप लगाया है। इस घटना ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली और हिरासत में मौत के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और पुलिस की बर्बरता पर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव का बयान – “थाने अत्याचार गृह बन गए हैं”
अखिलेश यादव ने कस्टोडियल डेथ की घटनाओं पर कहा कि प्रदेश में पुलिस थाने अत्याचार गृह बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जहां जनता अपनी शिकायत लेकर आती है, वहां पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। यूपी कस्टोडियल डेथ के मामले में सबसे ऊपर जा रहा है। सरकार जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन हालात इसके उलट दिख रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में अमन गौतम की मौत का मामला सामने आया था, और अब एक और मौत हो गई है। अगर राजधानी लखनऊ में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो पूरे राज्य में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। अखिलेश ने कहा कि सरकार को परिवार की मदद करनी चाहिए और उनकी मांगों को पूरा करना चाहिए।
थानों में हर तरीके का अत्याचार – Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव ने थानों में हो रहे अत्याचार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में हर तरीके का अत्याचार हो रहा है। पैसों से लेकर भाषा के जरिए लोगों को अपमानित किया जा रहा है। कई बार निर्दोष लोगों को भी बिना किसी ठोस कारण के जेल में डाल दिया जाता है। अखिलेश ने सरकार से अपेक्षा की कि वह कस्टोडियल डेथ जैसे संवेदनशील मामलों पर सख्त रुख अपनाए।
महाराष्ट्र चुनाव को लेकर सपा अध्यक्ष की उम्मीद
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में अच्छे प्रत्याशियों के साथ चुनाव लड़ेगी और उन्हें कुछ सीटें मिलने की उम्मीद है। जहां पार्टी का मजबूत संगठन है, वहां सपा मजबूती से चुनाव में उतरेगी।
मौत से गुस्साए परिजन
मृतक की पहचान मोहित पांडे के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बच्चों के झगड़े के विवाद में शुक्रवार को हिरासत में लिया था। पुलिस ने मोहित और उनके भाई शोभाराम को थाने लाया, लेकिन शनिवार को कोर्ट ले जाने के दौरान मोहित की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें : 26 October Ka Rashifal : जानें किस राशि को मिलेंगी खुशियों की सौगात, पढ़ें अपनी राशिफल
ये भी देखें : Prashant Kishore ने बोला Nitish Kumar की सरकार पर हमला कहा, ‘जंगल राज रिटर्न्स’


