Maha Kumbh 2025 : प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ 2025 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर कर महाकुंभ के प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं और कहा कि सरकार ने इस बड़े आयोजन की तैयारियों में लापरवाही दिखाई है।
‘पुलिस विभाग का काम तो पहले पूरा हो’ – अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने बुधवार को ऐक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से लिखा, “यह है भाजपा सरकार में ‘प्रयागराज महाकुंभ 2025’ की तैयारी की सच्चाई!” उन्होंने कहा कि कम से कम पुलिस विभाग का काम तो बहुत पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था क्योंकि सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंधन अंतिम दिन तक इंतजार नहीं करता। अखिलेश ने यह भी सवाल उठाया कि महाकुंभ के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों में इतनी देरी क्यों की जा रही है, जबकि भाजपा सरकार ने सम्राट हर्षवर्धन की प्रतिमा हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई की थी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, “प्रबंधन करते समय प्रयागराज और मेला क्षेत्र के आसपास की स्थानीय जनता की ज़रूरतों और समस्याओं को नजरअंदाज करने की जो शिकायतें मिल रही हैं, उनका भी तुरंत समाधान किया जाए।” उन्होंने प्रशासन से यह भी कहा कि प्रयागराज के निवासियों को इमरजेंसी की स्थिति में आवागमन और परिवहन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोग किसी भी संकट से बच सकें। अखिलेश ने यह भी जोड़ा कि वे चाहते हैं कि महाकुंभ की सफलता के साथ-साथ प्रयागराज भी गतिमान और व्यवस्थित रहे।
अखिलेश ने शासन-प्रशासन पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन महाकुंभ (Maha Kumbh 2025) की तैयारियों में विफल रहता है, तो समाजवादी पार्टी अपने सच्चे और समर्पित कार्यकर्ताओं को मदद के लिए भेजने का प्रस्ताव देती है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि बीजेपी नेता महाकुंभ की तैयारी के बजाय चुनावी जोड़-तोड़ और खाने-पीने में व्यस्त हैं, और उन्हें राज्य के प्रशासनिक कार्यों की चिंता नहीं है।
ये भी देखें : Delhi में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई, हिरासत में लिए गए 175 बांग्लादेशी |


