Mahakumbh : प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार की रात करीब 2 बजे मेजा इलाके में हुआ। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रहने वाले ये श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए बोलेरो कार से जा रहे थे। उनकी कार की स्पीड काफी तेज थी, जिसके कारण मेजा इलाके में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के श्रद्धालुओं से भरी बस से उनकी जबरदस्त टक्कर हो गई। बस सवार श्रद्धालु संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे।
हादसे में कार पूरी तरह से टूट गई और उसमें सवार सभी 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस सवार 19 श्रद्धालु भी घायल हुए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में कार सवार सभी 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बस सवार घायलों का इलाज चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मांदड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बताया कि बोलेरो सवार 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि बस सवार कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच रहे हैं। मेजा थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शवों की पहचान की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए। सीएमओ एके तिवारी ने बताया कि घायलों का इलाज सीएचसी रामनगर में कराया गया और उन्हें घर भेज दिया गया। (Mahakumbh) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट कर इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ये भी पढ़ें : Magha Purnima : माघ पूर्णिमा पर स्नान-दान के साथ करें पूजा, जानें शुभ समय और महत्व
ये भी देखें : Arvind Kejriwal पर फिर बरसी Swati Maliwal, कहा- “कुछ लोगों ने पंजाब को ATM समझ रखा है”


