Mahakumbh News : प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। यह आग सेक्टर 19 में कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए टेंटों में लगी है। आग ने कई टेंटों को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। महाकुंभ में अभी भी श्रद्धालुओं की भीड़ जारी है, खासकर वीकेंड के दौरान लाखों लोग यहां पहुंचे हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में स्नान कर रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने महाकुंभ क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया है। प्रयागराज की सभी सीमाओं पर बाहर से आने वाले वाहनों को रोक दिया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। डीआईजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने बताया कि आग पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 19 में कल्पवासियों द्वारा खाली किए गए कुछ पुराने टेंटों में आग लगी थी, लेकिन किसी की जान को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
28 दिनों में यह चौथी बार लगी आग
Mahakumbh में यह आग की पहली घटना नहीं है। पिछले 28 दिनों में यह चौथी बार है जब मेला क्षेत्र में आग लगी है। पहली घटना 19 जनवरी को हुई थी, जब सेक्टर 19 में गीता प्रेस के कैंप में कई टेंट जलकर खाक हो गए थे। इसके बाद 30 जनवरी को सेक्टर 22 में आग लगी थी, जिसमें एक दर्जन से अधिक टेंट जल गए थे। 7 फरवरी को सेक्टर 18 में आग लगी थी, जिसमें कई पंडाल जल गए थे।
कल्पावास पूरा होने के बाद मेला क्षेत्र से अधिकतर साधु-संत वापस लौट गए हैं। उनके जाने के बाद जहां वे रहते थे, वे टेंट खाली पड़े हैं। हालांकि, श्रद्धालुओं की भीड़ अभी भी पहुंच रही है, लेकिन यह भीड़ स्नान करके वापस लौट जा रही है। इस वजह से पहले की तुलना में भीड़ काफी कम हो गई है। प्रशासन अभी भी पूरी तरह से सतर्क है और आग जैसी घटनाओं पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को तैनात किया गया है।


