Mayawati News : उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने जन्मदिन के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। मायावती ने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि दूसरे दलों की नीति और नियत बिल्कुल स्पष्ट नहीं हैं। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद भी मौजूद थे।
मायावती ने प्रेस वार्ता में कहा कि उन्होंने अपनी सरकार में जो योजनाएं गरीबों और दलितों के लिए चलाई, उन योजनाओं को कई राज्यों में लागू किया गया है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों से समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) दलितों और गरीबों का वोट बैंक तोड़ने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने इन दलों से सावधान रहने की चेतावनी दी और इन सभी पार्टियों को जातिवादी बताया।
‘बाबा साहेब का अपमान किया’ – बसपा प्रमुख
बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने आरक्षण को निष्प्रभावी बनाने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस की सरकारों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और अन्य दलित चिंतकों की अवहेलना करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा भी इस मामले में पीछे नहीं है। मायावती ने भाजपा के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा बाबा साहेब का अपमान करने की बात भी उठाई, और कहा कि इस पर पश्चाताप तक नहीं किया गया।
मायावती (Mayawati News ) ने यह भी कहा कि सत्ता में रहने वाली पार्टियों के कथनी और करनी में काफी अंतर है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय भी इस समय दबा हुआ महसूस कर रहा है और हर कोई गरीबी और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है। उनका दुख इस बात को लेकर है कि चुनाव में दलित, पिछड़े और गरीब लोग ऐसी सरकारों को सत्ता में लाते हैं जो उन्हें दबाती रही हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के संदर्भ में बसपा चीफ ने यह कहा कि पार्टी इस बार दिल्ली चुनाव में दमदारी के साथ मुकाबला कर रही है। मायावती ने विश्वास व्यक्त किया कि अगर चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होते हैं और ईवीएम में कोई धांधली नहीं होती, तो बसपा अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में रहने वाले यूपी और बिहार के गरीबों के हालात अच्छे नहीं हैं और सरकार इनकी परेशानियों को अनदेखा कर रही है।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान


