Milkipur By-Election News : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में संतोष कुमार (सूरज चौधरी) का नाम घोषित कर सभी को चौंका दिया है। एक समय समाजवादी पार्टी के करीबी रहे सूरज चौधरी अब आजाद समाज पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
कौन हैं सूरज चौधरी?
सूरज चौधरी कभी समाजवादी पार्टी का अहम चेहरा माने जाते थे और सपा नेता अवधेश प्रसाद के करीबी रहे हैं। हाल ही में उन्होंने 500 समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी छोड़ दी और भीम आर्मी से जुड़ गए। अब आजाद समाज पार्टी में शामिल होने के बाद सूरज चौधरी के लिए यह उपचुनाव सिर्फ अपनी राजनीतिक पहचान को मजबूत करने का मौका नहीं है, बल्कि समाजवादी पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती भी बन गया है।
चौधरी का दावा है कि वह युवाओं और दलितों के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उनके चुनावी मैदान में आने से यह उपचुनाव त्रिकोणीय हो गया है, क्योंकि तीन प्रमुख उम्मीदवार एक ही समुदाय (पासी) से आते हैं।
सपा और बीजेपी के दावेदार कौन?
मिल्कीपुर सीट पर समाजवादी पार्टी ने अजीत प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है। सपा का दावा है कि यह सीट उनके लिए आसान जीत होगी क्योंकि यह स्वर्गीय मित्रसेन यादव की धरती है, जहां सपा का गढ़ मजबूत रहा है। वहीं, बीजेपी ने इस उपचुनाव में चंद्रभान पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने इस उपचुनाव को जीतने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बड़े स्तर पर प्रचार शुरू कर दिया है। पार्टी ने छह मंत्रियों को प्रचार की जिम्मेदारी दी है।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान


