Milkipur By Election : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर आगामी 5 फरवरी को उपचुनाव होने हैं और 8 फरवरी को इसके नतीजे घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के प्रमुख सियासी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दबाव में रिटर्निंग अफसर (RO) सपा के समर्थक मतदाताओं, खासकर यादव, मुस्लिम और दलित बाहुल्य क्षेत्रों के लोगों को मतदाता पर्ची नहीं दे रहे हैं।
सपा ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया, जिसमें पार्टी ने आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा सरकार के दबाव में रिटर्निंग अफसर द्वारा सपा समर्थक मतदाताओं विशेषकर यादव, मुस्लिम और दलित बाहुल्य क्षेत्रों में मतदाता पर्चियों का वितरण नहीं कराया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि रिटर्निंग अफसर द्वारा बीएलओ (बूथ लेवल अफसर) को सिर्फ 20 प्रतिशत मतदाता पर्ची उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं की भागीदारी पर असर पड़ रहा है। सपा का दावा है कि इससे चुनाव निष्पक्ष नहीं हो पाएंगे और मतदान प्रतिशत प्रभावित होगा।
सपा ने आगे कहा कि यह पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के नियमों और निर्देशों का उल्लंघन है, क्योंकि शत-प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का निर्देश है। सपा ने यह भी कहा कि 414 पोलिंग स्टेशनों की मतदाता पर्ची भुगतान के आधार पर पार्टी को तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
समाजवादी पार्टी ने रिटर्निंग अफसर पर गंभीर आरोप लगाए और मांग की कि इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए। सपा ने यह भी कहा कि अगर सही समय पर मतदाता पर्चियां नहीं दी जाती हैं, तो स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव कराना मुश्किल हो जाएगा। सपा ने रिटर्निंग अफसर के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।


