Noida News : बादलपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो हनी ट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। इस गैंग में दो युवक और एक युवती शामिल थी। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है और इनके पास से 40 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
कैसे गिरोह ने दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने सादोपुर गांव के एक मकान मालिक को अपने जाल में फंसाया। गैंग की महिला सदस्य ने मकान मालिक को किसी बहाने से अपने कमरे में बुलाया। जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, गिरोह के बाकी दो सदस्य वहां आ धमके और उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन्होंने पीड़ित से ढाई लाख रुपये की मांग की। डर के कारण मकान मालिक ने पहले 40 हजार रुपये दे दिए, लेकिन बाद में इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जांच में पूरा मामला उजागर हुआ और पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
किराये पर घर लेकर बनाते थे निशाना
बादलपुर पुलिस (Noida News) के मुताबिक यह गैंग पहले किसी इलाके में किराये पर मकान लेता था और वहां महिला सदस्य को शिफ्ट करवा देता था। फिर वह किसी बहाने से मकान मालिक को कमरे में बुलाती थी। कुछ ही देर बाद गिरोह के अन्य सदस्य वहां पहुंचकर मकान मालिक को डराने-धमकाने लगते और बलात्कार का केस दर्ज कराने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग करते। कई बार पीड़ित लोग बदनामी और कानूनी झंझट से बचने के लिए इनसे समझौता कर पैसे दे देते थे।
गिरफ्तार आरोपी और उनके आपराधिक रिकॉर्ड
इस मामले में पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना बादल डेढ़ा उर्फ कालू सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके साथी प्रिंस जो बीए का छात्र है, को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं गैंग की महिला सदस्य, जो झूठे आरोप लगाने का काम करती थी, उसे भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पहले भी कई वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह पहले भी गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाके में एक मकान मालिक से साढ़े पांच लाख रुपये वसूल चुका है। इसके अलावा मुख्य आरोपी बादल पर पहले से ही 11 आपराधिक केस दर्ज हैं। वह बार-बार अपना नाम बदलकर लोगों को ठगता था।
पुलिस के मुताबिक यह गैंग दिल्ली-एनसीआर में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है और कई लोगों से लाखों रुपये ठग चुका है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है और पीड़ितों से आगे आने की अपील कर रही है।


