Agra News: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और सैन्य ऑपरेशन के बीच अब देश के भीतर भी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगरा एयरफोर्स परिसर के पास स्थित शाहगंज इलाके में गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था अचानक सख्त कर दी गई। डीसीपी सिटी सोनम कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने पैदल मार्च किया और लोगों को सुरक्षा के निर्देश जारी किए। एयरफोर्स की दीवार से सटे आबादी क्षेत्रों में अब छतों पर जाने पर रोक लगा दी गई है।
छतों से रेकी पर रोक
शाहगंज क्षेत्र में एयरफोर्स परिसर से सटे कई इलाकों की छतों से हवाई पट्टी नजर आती है। ऐसी आशंका जताई गई है कि इन छतों से कोई संदिग्ध गतिविधि या रेकी की जा सकती है। इस वजह से पुलिस ने साफ निर्देश जारी कर दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति अब छतों पर न जाए, न ही सैन्य क्षेत्र से संबंधित कोई वीडियो बनाए या सोशल मीडिया पर साझा करे।
सीसीटीवी कैमरों पर भी नजर
Agra पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कुछ घरों की छतों पर लगे आईपी कैमरे एयरफोर्स परिसर की ओर मुंह किए हुए हैं, जिनसे रनवे और एयरक्राफ्ट्स की तस्वीरें रिकॉर्ड हो सकती हैं। इन कैमरों को सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक माना जा रहा है। कई कैमरे हटवाए जा चुके हैं और कुछ को नीचे की दिशा में झुकवाया गया है। पुलिस स्वयं लोगों से संपर्क कर यह कार्य करवा रही है।
ड्रोन पूरी तरह प्रतिबंधित
शाहगंज, अर्जुन नगर और आस-पास के इलाकों में मौजूद मैरिज होम्स में अक्सर शादियों के दौरान ड्रोन से वीडियोग्राफी की जाती थी। लेकिन अब, इस पूरे क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस ने सभी आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी शादी या निजी कार्यक्रम में ड्रोन का उपयोग नहीं किया जाएगा। ड्रोन उड़ाने की अनुमति पहले भी जरूरी थी, लेकिन फिलहाल कोई अनुमति नहीं दी जाएगी।
पैदल मार्च से पुलिस ने दिखाई सख्ती
गुरुवार शाम को अर्जुन नगर गेट के पास पुलिस ने पैदल मार्च कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस मार्च में एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी, एसीपी ताजगंज सैयद अरीब अहमद, एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले और एसीपी सदर सुकन्या शर्मा शामिल थीं। पैदल मार्च के दौरान आम जनता को समझाया गया कि यह कदम उनकी सुरक्षा के लिए ही उठाया गया है और सभी को सहयोग करना चाहिए।
सत्यापन अभियान शुरू
सुरक्षा के तहत इलाके में व्यापक सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। 200 मीटर के हर क्षेत्र में एक थाना प्रभारी की तैनाती की गई है। टीमें एक-एक घर जाकर यह जानकारी जुटा रही हैं कि घर में कौन रहता है, कब से रह रहा है, और हाल ही में कोई बाहरी मेहमान तो नहीं आया। रिश्तेदारों के आधार कार्ड भी मांगे जा रहे हैं।
Agra ताजमहल और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सुरक्षा
पाकिस्तान की ओर से संभावित खतरे के मद्देनजर ताजमहल की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। खेरिया एयरपोर्ट, मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि, रिफाइनरी और सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर एंटी ड्रोन सिस्टम भी सक्रिय कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड और दमकल कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है।


