Priyanka Gandhi: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन 12 जनवरी को पार्टी उत्तर प्रदेश में एक बड़ा, प्रदेश-व्यापी राजनीतिक कार्यक्रम करने जा रही है। इस दिन पूरे यूपी के सभी मंडल मुख्यालयों पर एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इसे 2022 विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस का पहला बड़ा और संगठित राजनीतिक कदम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी की औपचारिक शुरुआत भी बता रहे हैं।
पूरे प्रदेश में एक साथ प्रेस वार्ता
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह कार्यक्रम यूपी प्रभारी महासचिव अविनाश पाण्डे के निर्देश पर हो रहा है। अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी, बरेली, अलीगढ़, आजमगढ़, सहारनपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, मथुरा समेत सभी मंडल मुख्यालयों पर एक ही समय में मीडिया से बातचीत होगी।
इन प्रेस वार्ताओं के जरिए कांग्रेस अपनी आगामी 100 दिन की कार्ययोजना सामने रखेगी और यह बताएगी कि पार्टी आगे किस दिशा में काम करने जा रही है।
प्रियंका गांधी के जन्मदिन से जुड़ा संदेश
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रियंका गांधी के जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि प्रियंका गांधी पार्टी की सबसे अहम नेता और यूपी में कांग्रेस का बड़ा चेहरा हैं। उनके जन्मदिन के बहाने यह कार्यक्रम रखकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और एकजुटता लाने की कोशिश कर रही है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस यह साफ संदेश देना चाहती है कि उसका फोकस फिर से उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पूरी तरह लौट आया है।
2027 की तैयारी और संगठन को मजबूत करने की कोशिश
कांग्रेस ने जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से कहा है कि वे प्रेस वार्ता को संबोधित करने वाले नेताओं से समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इससे साफ है कि पार्टी अब जमीनी स्तर पर संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश में जुट गई है।
2022 की हार के बाद लंबे समय से कमजोर पड़े संगठन को खड़ा करना, मीडिया में अपनी मौजूदगी मजबूत करना और 2027 के चुनाव की नींव रखना इन सभी उद्देश्यों को ध्यान में रखकर कांग्रेस ने यह रणनीति तैयार की है। कुल मिलाकर, 12 जनवरी का यह कार्यक्रम यूपी की राजनीति में कांग्रेस की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Switzerland Bar Blast: नए साल के जश्न में मातम, स्विस बार विस्फोट में 47 की मौत
ये भी देखें: Mithun Chakraborty: मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा बयान


