Rinku Singh Engagement : भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन बल्लेबाज रिंकू सिंह की सगाई की खबर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। खबरों के मुताबिक रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से सगाई कर ली है। इस खबर ने उनके फैंस को खासा उत्साहित कर दिया है, हालांकि अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रिया सरोज का राजनीतिक सफर
प्रिया सरोज सिर्फ 25 साल की उम्र में मछली शहर से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बनीं थी। वह समाजवादी पार्टी की सदस्य हैं और इस वक्त लोकसभा में मछली शहर का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रिया सरोज ने भारतीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई है, खासकर जब उन्होंने बीजेपी के दिग्गज नेता बीपी सरोज को हराकर संसद में एंट्री की थी। प्रिया की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीतिक रही है, क्योंकि उनके पिता तूफानी सरोज भी मछली शहर से तीन बार सांसद रहे थे। इसके अलावा, प्रिया सरोज एक पेशेवर वकील भी रही हैं और उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई की है।
आईपीएल 2025 सीजन के लिए मिली इतनी राशि
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी क्रिकेट यात्रा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, खासकर टी20 फॉर्मेट में रिंकू सिंह ने अब तक 30 टी20 मैचों में 46 से ज्यादा की औसत से 507 रन बनाए हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर है। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के लिए 2 वनडे मैच भी खेले हैं। आईपीएल में भी रिंकू सिंह का प्रदर्शन शानदार रहा है और वह कोलकाता नाइट राइडर्स के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। आईपीएल 2025 सीजन के लिए उन्हें 13 करोड़ रुपये की राशि मिली है और कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें रिटेन किया है।
निजी जीवन में भी सफलता की ओर
क्रिकेट की दुनिया में रिंकू सिंह का स्टारडम बढ़ रहा है और अब वह अपने निजी जीवन में भी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। उनके और प्रिया सरोज के बीच सगाई की खबरों ने सबको हैरान कर दिया है। हालांकि, इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन रिंकू सिंह के फैंस इस नई शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित हैं।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट