Sambhal News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर के बाहर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संभल हिंसा के मामले को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। लोकल पुलिस के साथ-साथ दो पीएसी जवानों की तैनाती की गई है। कांग्रेस दफ्तर के आसपास बैरिकेडिंग भी की जा रही है।
“हम संभल जाएंगे” – अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया से बातचीत में कहा, “संभल दौरे पर पहले से ही प्लान बना हुआ था। प्रशासन की तरफ से यह रोक 30 नवंबर तक थी, जिसे अब 10 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। ये लोग चाहे जितनी भी पुलिस लगा लें, लेकिन हम संभल जाकर रहेंगे।”
जानकारी के अनुसार, अजय राय आज दोपहर 12:15 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से संभल के लिए रवाना होंगे।
पुलिस ने नोटिस जारी कर संभल दौरे को रोका
यूपी पुलिस ने अजय राय को नोटिस जारी कर उनके संभल दौरे को स्थगित करने को कहा है। (Sambhal News) पुलिस का तर्क है कि उनके दौरे से शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा, “हम भी अराजकता नहीं चाहते। लेकिन जो अत्याचार और अन्याय हुआ है, वह सब सामने आना चाहिए। मैं वहां पूरी शांति के साथ जाऊंगा।”
संभल में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
संभल में हाल ही में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 10 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया है। हिंसा से जुड़े मामलों की जांच के लिए समाजवादी पार्टी का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी संभल जाने वाला था, लेकिन उन्हें भी रोक दिया गया।
समाजवादी पार्टी का मुआवजा देने का ऐलान
संभल हिंसा में मृतकों के परिवारों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है और यूपी सरकार से 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा, “संभल में हुई हिंसा में बीजेपी सरकार और प्रशासन की नाकामी के चलते जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए। सरकार उनकी मदद के लिए आगे आए।”
ये भी देखें : 3 बच्चे पैदा करने वाले बयान पर, Asaduddin Owaisi ने Mohan Bhagwat से पूछे सवाल


