Sambhal News : उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पुलिस अधिकारी अनुज चौधरी के जुमे और होली को लेकर दिए गए बयान का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका समर्थन किया है, वहीं अब समाजवादी पार्टी (सपा) अनुज चौधरी पर हमलावर हो गई है। सपा के नेताओं ने इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और अधिकारियों के बयान को नकारात्मक और समाज में विद्वेष फैलाने वाला बताया है।
समाजवादी पार्टी का हमला
समाजवादी पार्टी से चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने संभल के सीओ अनुज चौधरी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री द्वारा पाला हुआ “टुच्चा गुंडा” है, और इसलिए वह इस तरह की बातें कर रहा है। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि यदि अधिकारी इस तरह की नकारात्मक बातें करेंगे, तो फिर समाज में सौहार्द की रक्षा कैसे होगी। सपा नेता और अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव ने तो यह तक कह दिया कि अगर व्यवस्था बदलती है, तो ऐसे लोग जेल जाएंगे।
आप सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया
वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एक (Sambhal ) सीओ के पीछे खड़े हो गए हैं, जो अपना नफरती एजेंडा फैला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के अधिकारी सत्ता बदलने पर बदल जाते हैं, लेकिन अब इनकी असलियत सामने आ गई है।
सीएम योगी का समर्थन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (9 मार्च) को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में संभल जिले के पुलिस अधिकारी अनुज चौधरी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि होली साल में एक बार आती है, जबकि जुमे की नमाज हर हफ्ते होती है, और यही सच है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “हमारा पुलिस अधिकारी पहलवान रहा है, और पहलवान है तो पहलवानी की तरह बोलेगा। कुछ लोगों को यह बुरा लग सकता है, लेकिन वह सच है और उस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।”
ये भी देखें : सालों बाद Shahid-Kareena ने लगाया एक दूसरे को गले, दोनों को साथ देख याद आई Jab We Met


