Sambhal Violence News : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसा पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। खासकर, सपा सांसद जिया उर रहमान पर हुई एफआईआर को लेकर उन्होंने गंभीर आपत्तियां जताईं। अखिलेश यादव का कहना है कि जिया उर रहमान संभल में थे ही नहीं, फिर भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। इस पूरे घटनाक्रम को उन्होंने सरकार द्वारा रची गई साजिश करार दिया है।
अखिलेश यादव का बयान
अखिलेश यादव ने कहा, “हमारे सांसद जिया उर रहमान संभल में थे ही नहीं, इसके बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। यह सरकार द्वारा किया गया दंगा है।” उन्होंने आगे कहा कि कोर्ट के आदेश के तुरंत बाद ही पुलिस और प्रशासन जामा मस्जिद के सर्वे के लिए पहुंच गए थे। 23 नवंबर को पुलिस प्रशासन ने यह घोषणा की कि अगले दिन 24 नवंबर को दूसरा सर्वे किया जाएगा। इस पर अखिलेश यादव ने सवाल किया, “पुलिस प्रशासन को यह आदेश किसने दिया?”
सर्किल ऑफिसर के व्यवहार पर सवाल
अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जब लोगों ने सर्वे का कारण जानना चाहा, तो सर्किल ऑफिसर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इससे आक्रोशित होकर लोग विरोध में सड़कों पर उतरे और पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिस ने अपनी सरकारी और निजी हथियारों से गोलियां चलाईं। अखिलेश यादव के मुताबिक, इस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
हिंसा में हुई मौतें और घायलों का दर्द
इस हिंसा में कई लोग घायल हुए और पांच निर्दोष लोगों की जान चली गई। अखिलेश यादव ने कहा कि इस हिंसा के लिए पुलिस और प्रशासन के लोगों के साथ-साथ उन लोगों को भी जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए जिन्होंने मस्जिद को लेकर याचिका दायर की थी। उन्होंने मांग की कि इन सभी को निलंबित किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को न्याय मिल सके और भविष्य में कोई भी संविधान के खिलाफ ऐसी गैरकानूनी घटना न कर सके।
संभल पुलिस का बयान
संभल पुलिस ने अखिलेश यादव के आरोपों पर अपनी सफाई दी है। पुलिस का कहना है कि सांसद जियाउर्रहमान को पहले भी भड़काऊ भाषण देने के लिए नोटिस दिया गया था। पुलिस का यह भी कहना है कि इस हिंसा में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए किसी भी कार्रवाई को लिया गया था।
ये भी देखें : Maharashtra Assembly Elections में इन बड़े चेहरों की हार ने सभी को चौंकाया


