Shrikant Sharma: उत्तर प्रदेश के मथुरा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक श्रीकांत शर्मा रविवार को वृंदावन पहुंचे और बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। लेकिन इस धार्मिक यात्रा के दौरान उन्हें यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसी को लेकर श्रीकांत शर्मा ने न सिर्फ अपनी नाराजगी जाहिर की, बल्कि अपनी ही सरकार में प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।
ध्वस्त यातायात व्यवस्था को बताया बड़ा संकट
श्रीकांत शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि वृंदावन की यातायात व्यवस्था लंबे समय से पूरी तरह ध्वस्त है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 7:45 से 8 बजे के बीच मल्टी लेवल पार्किंग, प्रेम मंदिर तिराहा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर एक भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। इसी कारण, बाहरी वाहन बेरोकटोक प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर रहे थे।
अव्यवस्था से श्रद्धालु और स्थानीय लोग परेशान
बीजेपी विधायक ने बताया कि वाराह घाट, सुनरख रोड सहित कई इलाकों में भारी संख्या में प्राइवेट वाहन खड़े रहते हैं। वहीं प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण और बेतरतीब वाहनों के कारण दिनभर जाम लगा रहता है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, बल्कि स्थानीय ब्रजवासियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की उड़ रही धज्जियां
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले रास्तों को अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से मुक्त किया जाना चाहिए। इसके साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों के लिए उचित वेंडिंग जोन बनाए जाने चाहिए।
प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
बीजेपी विधायक ने कमिश्नर शैलेंद्र सिंह और डीआईजी रेंज शैलेश कुमार पांडे से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि जब आमजन और श्रद्धालुओं को व्यवस्था से राहत नहीं मिलेगी, तब तक वृंदावन का धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव भी प्रभावित होता रहेगा।
ये भी देखें : Prayagraj में पुलिस ने चन्द्रशेखर को कौशांबी जाने से रोका, तो क्या कह गए सांसद!