Sitapur Journalist Murder : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर थाना इलाके में शनिवार (8 मार्च) को एक दुखद घटना घटी, जब मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े राष्ट्रीय हाईवे पर हिंदी अखबार दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद बढ़ी सियासी हलचल
राघवेंद्र बाजपेई की हत्या के बाद यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। अजय राय ने कहा, “पूरे प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। योगी सरकार सिर्फ बड़ी बातें करने में व्यस्त है।” इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और पत्नी को नौकरी दी जाए।
परिवार में गम का माहौल
सीतापुर (Sitapur Journalist Murder) में दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद राघवेंद्र के परिवार में गम का माहौल है। उनके पिता, जो बड़े बेटे की मौत के बाद से ही बीमार रहते हैं, आज भी बेसुध हैं। राघवेंद्र की मां और पत्नी इस सदमे में इतनी दुखी हैं कि वे बात करने की स्थिति में नहीं हैं। राघवेंद्र के भाइयों ने बताया कि वह अक्सर खबरें प्रकाशित करते थे और घोटालों को उजागर करते थे, जिससे कुछ लोगों को यह नागवार गुजरता था, और इस कारण उनकी हत्या की गई। परिवार का कहना है कि किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति ने राघवेंद्र को रोककर गोली मारी।
राघवेंद्र के बेटे ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ रहा था, जब उसके पिता के पास किसी का फोन आया और वह बाहर चले गए। बेटे से जाते वक्त राघवेंद्र ने आखिरी बार कोई बात नहीं की थी।
‘दोषियों की गिरफ्तारी तक नहीं होगी अंतिम यात्रा’ – राघवेंद्र के भाई
Journalist राघवेंद्र के भाइयों ने कहा कि पुलिस जांच का आश्वासन दे रही है, लेकिन उनका कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम यात्रा शुरू नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने परिवार की सुरक्षा, मुआवजा और पत्नी को नौकरी देने की भी मांग की है।
राघवेंद्र की सास ने दी प्रतिक्रिया
राघवेंद्र की सास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका दामाद एक ईमानदार व्यक्ति था और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने अपनी बेटी के लिए सुरक्षा और आर्थिक मदद की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की भी मांग की।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सीमाएं सील कीं
सीतापुर (Sitapur Journalist Murder) के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण रंजन सिंह ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं और सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कॉल डिटेल और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
महोली तहसील के दैनिक जागरण के संवाददाता राघवेंद्र बाजपेई की हत्या के संबंध में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। हत्या के पीछे धान खरीद घोटाले और स्टांप मामलों की खबरें प्रकाशित करने का कारण माना जा रहा है। देर रात आईजी प्रशांत कुमार भी सीतापुर पहुंचे और पुलिस की चार टीमों को जांच में लगा दिया। पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है।
ये भी देखें : सालों बाद Shahid-Kareena ने लगाया एक दूसरे को गले, दोनों को साथ देख याद आई Jab We Met


