Rana Sanga Controversy : समाजवादी पार्टी (SP) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन इन दिनों राणा सांगा को लेकर की गई टिप्पणी के बाद लगातार निशाने पर हैं। रविवार को अलीगढ़ और दिल्ली के बीच स्थित गभाना टोल बूथ पर उनके काफिले पर कथित रूप से करणी सेना के सदस्यों ने टायर फेंककर हमला किया। हालांकि इस घटना में सुमन बाल-बाल बच गए।
रघुराज सिंह का तीखा हमला
उत्तर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने इस हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ये मुगलों की नाजायज औलाद हैं, इनके साथ तो ऐसा होना ही चाहिए। ये अपने बाप को बाप कहने के लिए तैयार नहीं हैं।”
रघुराज सिंह ने कहा कि सुमन जैसे लोग वोट की खातिर मुगलों और आक्रांताओं को अपना बाप कहते हैं। उन्होंने आगे कहा, “ऐसे लोग जहां भी जाएंगे, पूरे देश में उनके साथ इसी तरह की स्थिति बनेगी।”
हमले की सराहना करते हुए दिया बयान
रघुराज सिंह ने हमले की तारीफ करते हुए कहा, “मैं उन बच्चों की जमकर तारीफ करता हूं जिन्होंने यह काम किया। इन्हें हर मोर्चे पर विफल करना चाहिए। ये बेईमान लोग एक पूरे समाज से लड़ाई लड़ रहे हैं। जबकि राणा सांगा ने अस्सी घाव खाने के बाद भी देश के लिए लड़ाई लड़ी थी।”
ठाकुरों से पंगा लेना ठीक नहीं- रघुराज
सिंह बिरादरी पर सपा नेता अखिलेश यादव के लगातार हो रहे हमलों को लेकर रघुराज सिंह ने कहा कि आने वाले चुनाव में जवाब दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “ठाकुरों से पंगा लेना अखिलेश यादव के लिए ठीक नहीं होगा।”
पुलिस की कार्रवाई
हमले के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही संबंधित चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (सिटी) एमएस पाठक ने जानकारी दी कि (Rana Sanga Controversy) सपा सांसद रामजी लाल सुमन को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav On Pahalgam: पहलगाम आतंकी हमले पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने दिया समर्थन!


