UP BJP District President List : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की उत्तर प्रदेश इकाई में जिलाध्यक्षों की बहुप्रतिक्षित सूची कल, रविवार 16 मार्च को जारी हो सकती है। यूपी में बीजेपी के 98 संगठनात्मक जिलों में से 85 जिलाध्यक्षों की घोषणा की संभावना है। हालांकि, यह घोषणा प्रदेश स्तर पर नहीं होगी, बल्कि जिलों में चुनाव अधिकारी खुद इसका ऐलान करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने उन नेताओं को लिस्ट से बाहर कर दिया है जो लगातार दो बार से जिलाध्यक्ष रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उन नेताओं को भी कम मौका मिलने के आसार हैं, जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक है। बीजेपी के संगठन में अपेक्षाकृत युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की योजना के तहत जिलाध्यक्षों की उम्र 45 से 60 साल के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।
बीजेपी के जिलाध्यक्षों की सूची का इंतजार फरवरी महीने से ही था। संगठन के सूत्रों ने पहले कार्यकर्ताओं तक यह संदेश पहुंचाया था कि महाकुंभ के समापन के बाद लिस्ट जारी की जाएगी। महाकुंभ संपन्न होने के बाद संगठन ने दावा किया था कि होली के बाद यह सूची आएगी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि यह सूची नहीं आएगी, बल्कि प्रत्येक जिले में चुनाव अधिकारी खुद यह घोषणा करेंगे। इसके लिए 16 मार्च का दिन तय किया गया है।
जिलाध्यक्षों की लिस्ट पर हुई चर्चा
दरअसल जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद ही यूपी बीजेपी के अध्यक्ष के नाम पर भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दौरा किया था, तो उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इस बैठक में यूपी इकाई के अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों की लिस्ट पर चर्चा हुई थी।
इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच यूपी में कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा की गई थी। सूत्रों के अनुसार यदि यूपी बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह किसी और को अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है, तो पार्टी उन्हें योगी कैबिनेट में स्थान देने की संभावना जता रही है।
राज्य में आयोगों और कमेटियों में खाली पड़े पदों पर भी नेताओं के समायोजन की चर्चा हो रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी संगठन में व्यापक बदलाव की योजना बना रही है।
ये भी देखें : Sambhal की शाही मस्जिद में Ramzan के जुमे की नमाज़ अदा करने के बाद क्या बोले मुसलमान?