UP Congress Candidate : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सभी कमेटियों को भंग करते हुए पार्टी के पुनर्गठन की घोषणा की है। इस निर्णय के पीछे मुख्य कारण हाल ही में हुई अनुशासनहीनता बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संभल दौरे के दौरान कई जिला अध्यक्ष और नेता दिल्ली पहुंचने के बजाय अपने घरों में पुलिस बुलाकर फोटो खिंचवाते रहे। इसे पार्टी की ओर से गंभीर लापरवाही माना गया है।
युवाओं को मिलेगा मौका
खरगे के इस कदम के पीछे उद्देश्य उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा करना है। कांग्रेस अब ऊर्जावान और युवा चेहरों को आगे लाने की योजना बना रही है। पार्टी ने तय किया है कि राज्य के संगठन का पुनर्गठन करते हुए नई कमेटियों का गठन किया जाएगा।
मिशन-2027 की तैयारी
बैठक में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी ने यह तय किया है कि कम से कम 150 सीटों पर अभी से प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इन प्रत्याशियों को “विधानसभा प्रभारी” का नाम दिया जाएगा और उन्हें चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए कहा जाएगा। उनके कार्यों की समय-समय पर समीक्षा होगी।
यदि कोई प्रभारी अपने कार्य में लापरवाही करता है, तो उसका टिकट बदल दिया जाएगा। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कुछ खास सीटों पर पार्टी की रणनीति को लेकर नेताओं से चर्चा भी की है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी बदलाव संभव
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आने वाले समय में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भी भंग कर सकती है और नए सिरे से इसका गठन कर सकती है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन बरकरार रहेगा, लेकिन कांग्रेस अपनी तैयारी को मजबूत करने के लिए स्वतंत्र रूप से काम करेगी।
मिशन-2027 के लिए तैयारियां शुरू
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव अकेले लड़े थे, लेकिन पार्टी केवल 2 सीटें जीत पाई थी। इस बार पार्टी 2027 के चुनाव में किसी भी कमजोर कड़ी को छोड़ने के मूड में नहीं है। कांग्रेस जमीनी स्तर पर सक्रिय हो चुकी है और मिशन-2027 को ध्यान में रखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।