UP Goverment News : वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और समरस समाज की दिशा में नई ऊंचाई देने वाली कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की। इन योजनाओं से कृषि, उद्योग, शिक्षा, और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में विकास होगा, साथ ही रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण और बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने करीब दस योजनाओं की घोषणा की, जिनमें प्रमुख रूप से महापुरुषों को समर्पित कई योजनाएं शामिल हैं।
माता शबरी के नाम पर कृषि मंडियों में कैंटीन और विश्रामालय
भक्ति और समर्पण की प्रतीक माता शबरी के नाम पर कृषि मंडियों में कैंटीन और विश्रामालय की स्थापना की जाएगी। इससे किसानों और श्रमिकों को सस्ते दर पर भोजन और आराम की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, सरकार ने अयोध्या में भी माता शबरी के नाम पर भोजनालय बनाने की घोषणा की है।
सरदार पटेल के नाम पर जनपदीय आर्थिक क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने हर परिवार से एक व्यक्ति को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जनपदीय आर्थिक क्षेत्र रोजगार जोन की योजना की घोषणा की। यह पहल भारत के पहले गृहमंत्री सरदार पटेल को समर्पित होगी। प्रत्येक जनपद की विशेषताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए 100 एकड़ में पीपीपी मॉडल पर इसका विकास किया जाएगा।
माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर श्रमजीवी महिला हॉस्टल
कामकाजी महिलाओं के लिए वाराणसी, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नगर, झांसी और आगरा में वर्किंग वुमेन हॉस्टल बनाए जाएंगे। ये हॉस्टल सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अग्रदूत रहीं अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बनाए जाएंगे, जिनकी 300वीं जयंती इस वर्ष मनाई जा रही है।
महारानी लक्ष्मीबाई मेधावी छात्रा स्कूटी योजना
रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर मेधावी बालिकाओं को स्कूटी देने की योजना शुरू की जाएगी। यह योजना बालिकाओं को शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
संत कबीरदास के नाम पर सीएम मित्र पार्क योजना
महान संत कबीरदास के नाम पर 10 टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से प्रदेश के कपड़ा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। पहले लखनऊ-हरदोई में निर्माणाधीन पीएम मित्र पार्क को भी संत कबीर के नाम पर समर्पित किया जाएगा।
चर्मोद्योग पार्क संत रविदास के नाम पर
समाज में समानता और श्रम की प्रतिष्ठा के पक्षधर संत रविदास के नाम पर प्रदेश में दो लेदर पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से एक आगरा में होगा। इस योजना से चर्म उद्योग को नई दिशा मिलेगी और हजारों कारीगरों और श्रमिकों को रोजगार मिलेगा।
लखनऊ में सीड पार्क भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के नाम पर
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के नाम पर लखनऊ में सीड पार्क स्थापित किया जाएगा। इस पार्क के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज और कृषि संबंधी संसाधन उपलब्ध होंगे।
नगरीय क्षेत्रों में पुस्तकालय भारत रत्न अटल बिहारी के नाम पर
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष पर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में पुस्तकालय बनाए जाएंगे। यह पहल अटल जी के योगदान को सम्मानित करने और जनता को ज्ञान की सुविधाएं प्रदान करने के लिए की जाएगी।
Bharat Ratna Dr. Bhimrao Ambedkar के नाम पर छात्रावास
भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर समाज कल्याण छात्रावासों के पुनर्निर्माण और नव निर्माण की योजना बनाई गई है। इससे दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
बिरसा मुंडा को समर्पित दो जनजातीय संग्रहालय
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जन्मवर्ष के मौके पर मिर्जापुर और सोनभद्र में उनके नाम पर दो जनजातीय संग्रहालय स्थापित किए जाएंगे। यह संग्रहालय जनजातीय संस्कृति और इतिहास को संरक्षित करेंगे और जनजातीय समुदाय की गौरव गाथा को आगे बढ़ाएंगे।


