UP News : अभियोजन शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों (Police) (कोर्ट मुहर्रिर) द्वारा न्यायालय में सार्वजनिक अवकाश और अन्य छुट्टियों पर बिना सूचना के शहर से बाहर जाने की शिकायतों के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र सिंह सेंगर ने सख्त निर्णय लिया है। उन्होंने आदेश जारी किया है कि इन छुट्टियों पर अभियोजन शाखा के पुलिसकर्मी पुलिस लाइन में अपनी ड्यूटी करेंगे। इसके तहत अवकाश की पूर्व संध्या पर ऐसे पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में अपनी आमद दर्ज करानी होगी।
कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों, धरना-प्रदर्शनों और अन्य आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल की आवश्यकता बढ़ जाती है। ऐसे में अभियोजन शाखा के पुलिसकर्मियों की छुट्टियों के दौरान उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगाने का निर्णय लिया गया है ताकि बल की कमी न हो। डीसीपी मुख्यालय अनिल कुमार यादव ने पुलिस कमिश्नर के इस आदेश को अमल में भी ला दिया है।
विशेष ड्यूटी और अवकाश की सुविधा
अवकाश के दिन अभियोजन शाखा के पुलिसकर्मियों (Police) को कोर्ट की ड्यूटी से अलग आवश्यकतानुसार पुलिस लाइन में तैनात किया जाएगा। उन्हें जरूरत के अनुसार अवकाश की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, कुछ समय पहले पुलिस अधिकारियों ने कई पुलिसकर्मियों से बिना सूचना दिए छुट्टी पर जाने के लिए जवाब भी तलब किया था।


