UP Politics : लखनऊ में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। शुक्रवार देर शाम जब सीएम योगी गोरखपुर से लौटे, तो मंत्री आशीष पटेल उनके आवास पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, सीएम ने आशीष से संबंधित मामले की पूरी जानकारी ली और उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके साथ ही, सीएम योगी ने आशीष पटेल को भविष्य में किसी भी प्रकार की बयानबाजी से बचने की सलाह दी।
‘हम साजिशों से डरने वाले नहीं’ – अनुप्रिया पटेल
इससे पहले, कई दिनों से पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभागाध्यक्ष के पद पर पदोन्नति के मुद्दे को लेकर विवाद गर्मा गया था। इस पर दो दिन पहले अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने पल्लवी पटेल पर तीखा हमला बोला। अनुप्रिया पटेल ने कहा, “हम साजिशों से डरने वाले नहीं हैं।” उनका यह बयान संगठन की एकता और मजबूत नेतृत्व की ओर इशारा था।
‘अगर हिम्मत है, तो मुझे सीने में गोली मारो’ – आशीष पटेल
वहीं, आशीष पटेल ने कहा कि अगर उनके खिलाफ षडयंत्र करने वालों में हिम्मत है, तो उन्हें बदनाम करने की बजाय उनके सीने में गोली मारनी चाहिए। (UP Politics) आशीष और अनुप्रिया दोनों नेताओं ने कहा कि वे किसी भी कार्यकर्ता के साथ साजिश बर्दाश्त नहीं करेंगे और ऐसी साजिशों का मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इन साजिशों का जवाब संगठन की ताकत से दिया जाएगा।
पल्लवी पटेल के हमले का असर और अनुप्रिया-आशीष की प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर पिछले कई दिनों से पल्लवी पटेल आशीष पटेल पर लगातार हमलावर रही हैं। इसे देखते हुए अनुप्रिया पटेल ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में पार्टी की मासिक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में संगठन के कार्यों पर चर्चा की जानी थी, लेकिन बैठक में पल्लवी पटेल के आरोपों को लेकर ज्यादा घमासान मचा। अनुप्रिया और आशीष ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में पल्लवी पटेल के खिलाफ जमकर हमला बोला। इसके बाद, पत्रकारों से बातचीत में भी दोनों नेताओं ने अपने विरोधियों के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली।
ये भी पढ़ें : Bijapur Journalist Murder : पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
ये भी देखें : Acharya Pramod ने PM Modi की तारीफ, Asaduddin Owaisi पर जमकर साधा निशाना


