Waqf Bill News : लोकसभा और राज्यसभा से वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद शिवसेना-यूबीटी के सांसद संजय राउत ने इस बिल पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन बिल का हिंदुत्व से कोई संबंध नहीं है और यह बिल अपने अवैध कामों को वैध बनाने के लिए लाया गया है। राउत ने इस बिल को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उनका दावा था कि बीजेपी के बड़े नेता उनके संपर्क में थे और उनसे इस बिल का समर्थन करने का दबाव बनाया गया था। संजय राउत ने कहा, “हमारे कुछ लोग बाहर थे, लेकिन अगर वे अंदर होते तो इस बिल के खिलाफ वोट डालते।”
राउत ने इस दौरान शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के ‘चेले’ हैं और वे इन दोनों नेताओं से डरते हैं। राउत ने कहा, “ये लोग कभी भी अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भाजपा के इशारे पर काम करते हैं और डर के कारण अपने स्वतंत्र फैसले नहीं लेते।”
‘प्रधानमंत्री थाईलैंड में घुम रहे हैं’ – PM मोदी
इसके अलावा संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के थाईलैंड दौरे पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी बैंकॉक में जाकर सिर्फ अपना मनमोहक मसाज करा रहे हैं। वहां जाकर लोगों के मन और दिमाग का मसाज हो रहा है।” राउत ने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिकी ट्रेड वार एक बड़ा खतरा बन सकता है, जबकि चीन ने इसका जवाब देना शुरू कर दिया है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री थाईलैंड में घुम रहे हैं और इस गंभीर स्थिति से अनजान हैं।
संजय राउत ने एक बार फिर अपने तीखे और स्पष्ट बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उनके आरोप और बयान इस बात का संकेत हैं कि शिवसेना-यूबीटी भाजपा के साथ अपने रिश्तों को लेकर किसी भी प्रकार की समझौता नहीं करना चाहती है और अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।


