Weather Update: पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तापमान लगातार गिरता जा रहा है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानों में भी साफ नजर आने लगा है, जिससे ठिठुरन काफी बढ़ गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और तेज ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। ठंड की वजह से बांदा में एक किसान और एक युवक की मौत की खबर सामने आई है। वहीं कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सोमवार को कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या, लखनऊ समेत प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाया रहा।
दिल्ली में भी सोमवार सुबह ठंड ने लोगों को डरा दिया। राजधानी में गलन वाली ठंड महसूस की गई। कई इलाकों में लोग सड़कों के किनारे अलाव तापते नजर आए। हालांकि घना कोहरा ज्यादा नहीं था, लेकिन ठंडी हवाओं की वजह से तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 25 दिसंबर तक ठंड और बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
यूपी में बढ़ती ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। घने कोहरे के चलते हाईवे पर वाहनों की स्पीड लिमिट भी तय कर दी गई है, ताकि हादसों से बचा जा सके।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर
वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी जारी है। चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है, जो सैलानियों को खूब लुभा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। कश्मीर में रविवार से बर्फबारी और बारिश के साथ 40 दिन की कड़ाके की ठंड ‘चिल्लै कलां’ की शुरुआत हो गई है। घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फ गिरी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
यातायात पर पड़ा असर
घने कोहरे और ठंड का असर यातायात पर साफ दिख रहा है। सड़क, रेल और हवाई सेवाएं सभी प्रभावित हैं। कोहरे की वजह से देशभर के कई एयरपोर्ट से सैकड़ों उड़ानें रद करनी पड़ी हैं, जबकि 100 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सड़कों पर कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
ये भी देखें: Hardik Pandya की जिंदगी में नई एंट्री! कौन हैं Mahika Sharma?


