Uttarakhand and Himachal Cloudburst: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर तबाही मचाई है। दो दिन में दूसरी बार बादल फटा है। 17 सितंबर की रात चमोली जिले के नंदानगर घाट में बादल फटने से कुंटरी लंगाफली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए। इस हादसे में 14 लोग लापता हैं और 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अब तक रेस्क्यू टीम ने 2 लोगों को बाहर निकाला है।
इससे पहले 16 सितंबर को देहरादून में बादल फटा था। देहरादून से मसूरी तक का करीब 35 किलोमीटर का रास्ता कई जगह टूट गया है। जिसके कारण मसूरी में लगभग 2500 टूरिस्ट्स लगातार तीसरे दिन फंसे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से इस सीजन अब तक 419 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश दोनों राज्यों को अगले 48 घंटे हाई अलर्ट पर रखा है।
7 राज्यों में तेज बारिश के आसार
जानकारी के मुताबिक, इस साल देश में 24 मई को मानसून केरल पहुंचा था। अब तक देश में सामान्य से 8% ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी भी 7 राज्यों में तेज बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग और ग्लोबल फोरकास्ट सिस्टम के मुताबिक, सितंबर के आखिरी दिनों और अक्टूबर की शुरुआत में एक बड़ा कम दबाव वाला क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बनने वाला है। 25-26 सितंबर को यह मानसूनी सिस्टम एक्टिव होगा। इसके कारण मध्य प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी इलाके, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2-3 दिन तेज बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 3 इंच तक बारिश भी हो सकती है।
इस मौसम के कारण सभी राज्यों को सतर्क रहने की जरूरत है। बचाव कार्य जारी है और प्रशासन लगातार राहत पहुंचाने में जुटा हुआ है। हम सभी को सावधानी बरतनी चाहिए और मौसम विभाग की अपडेट्स पर नजर रखनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: Tej Pratap Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव ने शुरू किया नया सियासी सफर, बनाई अपनी पार्टी
ये भी देखें: Boycott IND Vs PAK: भारत-पाक मैच को लेकर भड़के असदुद्दीन ओवैसी, जानें क्या कहा