Chirag Paswan News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रहे हैं। बीते 8 जून को उन्होंने आरा के रमना मैदान में ‘नव संकल्प रैली’ कर जनता के बीच अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। रैली के दौरान चिराग पासवान ने एलान किया था कि वे वहीं से चुनाव लड़ेंगे जहां से जनता चाहेंगी।
अब चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ राजगीर में बड़ी रैली करने जा रहे हैं। यह रैली 29 जून को राजगीर के स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में आयोजित की जाएगी और इसे ‘बहुजन भीम संकल्प रैली’ नाम दिया गया है।
मगध क्षेत्र की जनता के लिए अहम रैली
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नालंदा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पासवान मुकुट ने बताया कि यह रैली केवल नालंदा जिले तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मगध क्षेत्र के नवादा, शेखपुरा, गया और जहानाबाद जिलों की जनता भी इसमें भाग लेगी। उन्होंने बताया कि रैली स्थल करीब 15 से 20 बीघा में फैला हुआ है और यह अनुमान है कि पूरा मैदान खचाखच भरा रहेगा।
पार्टी पदाधिकारियों का दावा है कि यह रैली आरा की नव संकल्प रैली से भी बड़ी और ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने बताया कि जहां आरा की रैली पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत थी, वहीं राजगीर की रैली बहुजन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के विचारों को केंद्र में रखकर आयोजित की जा रही है।
एनडीए में कोई विरोध नहीं
चिराग पासवान (Chirag Paswan) द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले में रैली आयोजित करना सियासी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के एक प्रदेश स्तर के नेता ने कहा, “आरा की रैली चिराग पासवान की भूमिका का आगाज थी, लेकिन राजगीर की रैली उनकी सियासी ताकत का प्रदर्शन होगी।”
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इससे एनडीए में कोई मतभेद या असहमति नहीं है। यह रैली केवल राजनीतिक विरोधियों को ताकत का एहसास कराने के लिए आयोजित की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 6 जून को कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी भी राजगीर में एक बड़ी जनसभा कर चुके हैं। ऐसे में चिराग पासवान की रैली को भी उसी स्तर पर देखा जा रहा है।