Russia and Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक नई कूटनीतिक पहल सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर दो घंटे से अधिक लंबी बातचीत की, जिसमें तत्काल संघर्ष विराम और शांति वार्ता शुरू करने पर सहमति बनी। ट्रंप ने बातचीत के बाद यह जानकारी दी कि रूस और यूक्रेन अब युद्ध को खत्म करने के लिए शांति प्रक्रिया शुरू करने को तैयार हैं।
पुतिन-ट्रंप की बातचीत रही सार्थक और स्पष्ट
रूसी मीडिया के अनुसार, पुतिन और ट्रंप के बीच बातचीत दो घंटे से अधिक चली, जिसे रूसी राष्ट्रपति ने “महत्वपूर्ण, स्पष्ट और उपयोगी” बताया। पुतिन ने अमेरिका द्वारा वार्ता प्रक्रिया में निभाई गई भूमिका की सराहना की और कहा कि रूस युद्ध विराम के साथ-साथ ऐसे समझौतों पर काम करने के लिए तैयार है जो सभी पक्षों को स्वीकार्य हों।
वेटिकन शांति वार्ता की मेजबानी को तैयार
बातचीत के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वेटिकन, जो कि पोप का प्रतिनिधित्व करता है, ने इस वार्ता की मेजबानी में रुचि दिखाई है। ट्रंप ने लिखा, “प्रक्रिया शुरू होने दीजिए।” वेटिकन के साथ-साथ तुर्किये और स्विट्जरलैंड को भी संभावित मेजबान देशों के रूप में देखा जा रहा है।
जेलेंस्की से भी ट्रंप की हुई बातचीत
पुतिन से बातचीत से पहले और बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी दो बार बातचीत की। एक बातचीत सिर्फ ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हुई, जबकि दूसरी चर्चा में फ्रांस, फिनलैंड, जर्मनी, इटली और यूरोपीय संघ के नेता भी शामिल रहे।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश रूस, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के सहयोगी देशों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह बैठक वेटिकन, तुर्किये या स्विट्जरलैंड में हो सकती है। हमारा उद्देश्य युद्ध (Russia–Ukraine War)को समाप्त करना और क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करना है।”
नाटो देशों से ट्रंप की अगली बातचीत
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप को यह लगता है कि पुतिन वार्ता को लेकर गंभीर नहीं हैं, तो ट्रंप इस प्रयास से पीछे हट सकते हैं। हालांकि अब पुतिन के सकारात्मक संकेत के बाद ट्रंप ने कहा है कि वह आगे नाटो सदस्य देशों से भी बातचीत करेंगे।
युद्ध के बाद व्यापार की भी चर्चा
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि युद्ध की समाप्ति के बाद रूस और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों में तेजी आ सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन को भी युद्ध के बाद आर्थिक रूप से लाभ होगा। पुतिन ने भी कहा कि एक “शांतिपूर्ण समझौते” की दिशा में कदम उठाने की जरूरत है, जिससे दोनों पक्षों को स्वीकार्य हल मिल सके।