राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Manish Kashyap: डॉक्टरों की पिटाई से घायल मनीष कश्यप, फोटो आई सामने, कहा – ‘मेरे लिए दुआ करें’

by | May 20, 2025 | ट्रेंडिंग, बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

Manish Kashyap: सोशल मीडिया पर अपने बेबाक और तीखे तेवरों के लिए मशहूर यूट्यूबर और भाजपा नेता मनीष कश्यप एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। इस बार मामला इतना गंभीर हो गया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है। मनीष कश्यप की टीम ने खुद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वे अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं। टीम ने लोगों से अपील की है कि वे मनीष कश्यप के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करें।

यह पूरा घटनाक्रम सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है जब मनीष कश्यप पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) पहुंचे थे। खबरों के अनुसार, वे किसी मरीज की पैरवी करने अस्पताल आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक महिला जूनियर डॉक्टर से हुई, और बातों-बातों में बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष कश्यप ने मौके पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे अस्पताल के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ आक्रोशित हो उठे। उनका कहना है कि यह हरकत न केवल अनुचित थी, बल्कि इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची।

सूत्रों की मानें तो विवाद के बाद गुस्साए जूनियर डॉक्टरों ने मनीष कश्यप को एक कमरे में बंद कर दिया और करीब तीन घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर उनकी पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि उन्हें आंतरिक और बाहरी चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें वहीं अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक वर्ग जहां डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं दूसरा वर्ग मनीष कश्यप पर महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता का आरोप लगा रहा है। दोनों पक्षों की तरफ से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है और किसी ने भी अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।

अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि मनीष कश्यप ने महिला डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। एक डॉक्टर ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, “हम दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं। कोई बाहरी व्यक्ति आकर हमारे काम में बाधा डाले और हमारी छवि को नुकसान पहुंचाए, यह स्वीकार्य नहीं है।”

यह पहली बार नहीं है जब मनीष कश्यप किसी विवाद में घिरे हों। इससे पहले भी उन पर सरकारी अधिकारियों से बहस करने, जबरन वीडियो बनाने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल जैसे आरोप लगते रहे हैं। अपने बेबाक अंदाज और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के कारण वे हमेशा चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार मामला काफी गंभीर हो गया है।

ये भी पढ़ें : Sambhal News: संभल शाही जामा मस्जिद विवाद, इलाहाबाद हाईकोर्ट से मुस्लिम पक्ष को बड़ा झटका, सर्वे का रास्ता साफ

ये भी देखें : Parliamentary Standing Committee : संसदीय स्थायी समिति की हुई बैठक, क्या बोले शशि थरूर?

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर