Ruckus on Holi : होली के दिन उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में हिंसा और बवाल का माहौल बन गया। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पत्थरबाजी, फायरिंग और पुलिस पर हमलों की घटनाएं सामने आईं। पुलिस को स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा। इस दौरान हुड़दंगियों ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिससे प्रदेश में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
उत्तर प्रदेश में इन जगहों पर हुआ बवाल
उत्तर प्रदेश के उन्नाव, शाहजहांपुर, मथुरा, जेवर, और बिजनौर में होली के दिन हिंसा की घटनाएं सामने आईं। शाहजहांपुर में ऐतिहासिक लाट साहब के जुलूस में शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया और जूते-चप्पल फेंक दिए। पुलिस द्वारा कार्रवाई करने पर उन्होंने और हिंसक हो गए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करने की आवश्यकता पड़ी। उन्नाव में फाग जुलूस के दौरान शराब के नशे में धुत हुड़दंगियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मथुरा में रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। वहीं, जेवर में भी होली के दिन दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हुई, जिसमें पथराव और गोलीबारी के चलते पांच लोग घायल हुए।
बिजनौर और मुरादाबाद में हिंसा
बिजनौर के धामपुर में रंग लगाने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। मुरादाबाद में भी एक युवक ने गले न मिलने पर बीजेपी नेता को गोली मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। बागपत के रठौड़ा गांव में भी होली के दौरान विवाद हुआ, जिसमें एक पक्ष ने घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
हिमाचल प्रदेश और पंजाब में गोलीबारी
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस नेता बंबर ठाकुर पर गोली चला दी गई। उन्हें चार अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने 12 राउंड फायरिंग की, जिसमें बंबर ठाकुर और उनके पीआरओ घायल हो गए।
पंजाब में लुधियाना के फोकल प्वाइंट इलाके में कुछ शरारती तत्वों ने मस्जिद पर पथराव किया और नमाज पढ़ रहे लोगों पर भी पत्थर मारे। इस हमले में मस्जिद के शीशे टूट गए और कई लोग घायल हो गए।
महाराष्ट्र और झारखंड में भी बवाल
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में शिमगा जुलूस के दौरान अराजक भीड़ ने मस्जिद के गेट को तोड़ने की कोशिश की। झारखंड के गिरिडीह जिले में भी होली जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कई दुकानों में आग लगा दी गई और कई लोग घायल हो गए।
पुलिस नेै की कार्रवाई
इन घटनाओं के बाद इन इलाकों में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है। पुलिस को हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। कई स्थानों पर स्थिति को शांत करने के लिए लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों का सहारा लिया गया।