राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

CM Yogi News: चित्तौरा झील पर गूंजा महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम, विजयोत्सव में सीएम योगी का बड़ा संदेश

by | Jun 10, 2025 | अपना यूपी, बड़ी खबर, मुख्य खबरें, राजनीति

CM Yogi News: बहराइच की ऐतिहासिक भूमि चित्तौरा झील पर मंगलवार को भव्य महाराजा सुहेलदेव विजयोत्सव का आयोजन हुआ, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर सम्राट सुहेलदेव के पराक्रम को स्मरण करते हुए विदेशी आक्रांताओं के महिमामंडन पर सख्त रुख अपनाने का एलान किया। उन्होंने कहा, “अब भारत की धरती पर किसी भी आक्रांता का नहीं, बल्कि अपने देश के रक्षकों और संस्कृति के प्रहरी महापुरुषों का सम्मान होगा।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से चित्तौरा झील के तट पर पहुंचे और वहां उन्होंने ₹1243 करोड़ की लागत वाली कुल 384 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही पाँच बच्चों का अन्नप्राशन कराते हुए उनका नामकरण भी महाराजा सुहेलदेव के नाम पर किया गया।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने इतिहास की उस वीरगाथा का उल्लेख किया जिसमें महाराजा सुहेलदेव ने सैयद सालार मसूद गाजी को निर्णायक युद्ध में पराजित कर भारत की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा की थी। उन्होंने कहा, “जो भारत की संस्कृति को मिटाने और मठ-मंदिरों को लूटने आए, उनके स्थान पर अब भारत के रक्षकों को सम्मान मिलेगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सत्ता में रहते हुए देश के सच्चे रक्षकों को भुलाकर, तुष्टीकरण की राजनीति के तहत विदेशी आक्रांताओं को महिमामंडित किया। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस जैसे दलों ने वर्षों तक गाजी के प्रतीकात्मक विवाह जैसे आयोजनों को बढ़ावा दिया, जबकि महाराजा सुहेलदेव जैसे योद्धाओं को नजरअंदाज किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब अपने वास्तविक नायकों को सम्मान देने के मार्ग पर है। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा, राम मंदिर निर्माण, और अयोध्या, काशी, मथुरा तथा नैमिषारण्य के सौंदर्यीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की आत्मा को पुनः जागृत करने का कार्य है।

इस अवसर पर महाराजा सुहेलदेव की 17 फुट ऊंची और 40 फुट लंबी प्रतिमा की स्थापना की गई और आजमगढ़ में बनने वाले विश्वविद्यालय को महाराजा सुहेलदेव के नाम पर समर्पित किया गया। साथ ही, उनके जीवन पर शोध करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की नई योजना की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में योगदान देने वाले दिवंगत पंडित हनुमान शर्मा, पंडित गुलाब चंद शुक्ल, और विहिप के पूर्व अध्यक्ष संतराम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही मुकुट बिहारी वर्मा, सुरेश्वर सिंह, अक्षयवर लाल गोंड, अर्जुन कुमार दिलीप और श्यामकरन टेकड़ीवाल सहित अनेक सहयोगियों का आभार प्रकट किया।

इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल, सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह, राम निवास वर्मा, सरोज सोनकर, एमएलसी पद्मसेन चौधरी, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और सभा को संबोधित किया।

महाराजा सुहेलदेव विजयोत्सव अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक बन चुका है।

ये भी पढ़ें : Weather Update: भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत दिल्ली में पारा 45 डिग्री के पार, हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

ये भी देखें : Sonam Raguwanshi: सोनम रघुवंशी से मिलने गाजीपुर पहुंचे भाई, मीडिया के सवालों पर जोड़े हाथ

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर