Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह फैसला एक महिला के साथ कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया, जिसने पार्टी की छवि को गहरा आघात पहुंचाया है।
वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह
मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब अमर किशोर कश्यप के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। एक वीडियो में वह एक महिला को गले लगाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 12 अप्रैल का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
पहली वीडियो फुटेज में पार्टी कार्यालय के बाहर एक चार पहिया वाहन आता दिख रहा है, जिससे अमर किशोर कश्यप उतरते हैं। इसके बाद एक महिला उसी वाहन से उतरती है और जिलाध्यक्ष उसे कार्यालय के अंदर जाने का इशारा करते हैं। दूसरी वीडियो क्लिप में वह महिला को सीढ़ियों के पास आलिंगन करते नजर आ रहे हैं।
सफाई दी, लेकिन पार्टी नहीं हुई संतुष्ट
वीडियो वायरल होने के बाद अमर किशोर कश्यप ने सफाई देते हुए कहा कि वह महिला पार्टी की सक्रिय सदस्य हैं और उन्हें चक्कर आने पर सहारा दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह वीडियो राजनीतिक दुर्भावना के तहत गलत तरीके से वायरल किया गया है।
महिला ने दर्ज कराई एफआईआर
वीडियो में नजर आ रही महिला ने भी इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। महिला ने कहा कि वीडियो के वायरल होने से उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इस पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
BJP ने नोटिस देकर मांगा था जवाब
वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के निर्देश पर BJP ने अमर किशोर कश्यप को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था। हालांकि, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल के अनुसार, अमर किशोर द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया।
अनुशासनहीनता का आरोप
प्रदेश महामंत्री द्वारा जारी पत्र में कहा गया, “आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।”
इस घटना ने न केवल भाजपा की स्थानीय इकाई को झकझोर दिया है बल्कि संगठनात्मक अनुशासन को लेकर पार्टी की गंभीरता भी दर्शाई है।


